Jamshedpur : मानगो में पुलिस ने बड़ी घटना को अंजाम देने की प्लानिंग कर रहे तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों के पास से अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। पूछताछ में तीनों बदमाशों ने बताया कि वह लोग इलाके में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने तीनों बदमाशों को प्रेस कांफ्रेंस में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है । जेल भेजे गए बदमाशों में से एक कपाली का रहने वाला गुलाम पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है।

प्रेस कांफ्रेंस में एसएसपी पीयुष पांडेय ने बताया कि इन बदमाशों की कुछ दिन पहले कपाली में कुछ युवकों से सिगरेट पीने के लिए झगड़ा हुआ था। इसी का बदला लेने के लिए यह बदमाश प्लानिंग कर रहे थे। इन बदमाशों का इरादा अपने विरोधी पक्ष के किसी युवक की हत्या करने का था ताकि झगड़े का बदला ले सकें।
मानगो पुलिस को रविवार की रात 10:30 बजे सूचना मिली कि एनएच 33 पर सरोवर हिल्स होटल के पास कुछ बदमाश बैठे हैं। इन लोगों के पास अवैध हथियार हैं। यह लोग किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस की एक टीम बनाई गई और मौके पर छापामारी कर दी गई। पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे। लेकिन, पुलिस कर्मियों ने तीन बदमाशों को दबोच लिया। जो बदमाश पकड़े गए हैं, उनमें आजाद नगर के जवाहर नगर रोड नंबर 12 का रहने वाला दानिश।
चांडिल थाना क्षेत्र के कपाली ओपी के गौस नगर का रहने वाला राशिद अंसारी और कपाली का ही रहने वाला गुलाम खान उर्फ तन्नी हैं। दानिश की उम्र 26 वर्ष, राशिद की उम्र 25 वर्ष और गुलाम की उम्र 19 वर्ष है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी कट्टा, एक पिस्टल, एक कारतूस, एक चाकू और एक बाइक बरामद की है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है कि यह शहर में अंजाम दी गई किन घटनाओं में शामिल थे।इनका पुराना आपराधिक रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

