धनबाद : जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा बस्ती में दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हुई हिंसक झड़प और फायरिंग की घटना में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटनास्थल और एक वाहन से हथियार व कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवार को पुरानी दुश्मनी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। दोनों पक्षों के बीच पहले मारपीट और पत्थरबाजी हुई, जिसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान दो लोगों को गोली लगी, जबकि कई अन्य लोग भी घायल हो गए।
ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि बुधवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि बांसजोड़ा बस्ती में दो पक्षों के बीच हंगामा और गोलीबारी हो रही है। सूचना मिलते ही लोयाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
पुलिस जांच में घटनास्थल पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ और छह क्षतिग्रस्त चारपहिया वाहन मिले। वाहनों के शीशे टूटे हुए थे। स्थानीय लोगों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि पुरानी रंजिश के कारण दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे, जिससे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
फायरिंग की घटना में किशुन रवानी और विष्णु प्रमाणिक गोली लगने से घायल हुए थे। इनमें किशुन रवानी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि विष्णु प्रमाणिक का इलाज जारी है। इसके अलावा झड़प में कई अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
घटनास्थल पर चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने एक लाल रंग की कार की ड्राइविंग सीट के नीचे छिपाकर रखा गया एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की शिकायत और एक पुलिस अधिकारी के बयान के आधार पर लोयाबाद थाना में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रजनी कुमारी, राजेश कुमार महतो, धर्मेंद्र महतो, मेराज अंसारी, अमीत महतो समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल इलाके में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

