
खूंटी : रोजी-रोटी की तलाश में झारखंड से केरल गए मजदूर की मंगलवार को हादसे में मौत हो गई। केरल के वायनाड इलाके में चल रहे टनल निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड निवासी 25 वर्षीय युवक अनमोल डोडराय की दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार को यह दुखद खबर उनके पैतृक गांव उनुकदा पहुंची तो पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
बारिश के दौरान हुआ हादसा
अनमोल डोडराय, अलविस डोडराय का बेटा था। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। घर के हालात सुधारने के लिए वह इसी साल फरवरी माह में गांव के ही कुछ दोस्तों के साथ काम की तलाश में केरल गया था। वह केरल के वायनाड इलाके में बन रही सुरंग परियोजना में मजदूरी कर रहा था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को जब अनमोल टनल के अंदर काम में जुटा था, तभी अचानक जोरदार बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश की वजह से सुरंग का एक बड़ा हिस्सा भरभरा कर ढह गया। अनमोल उस मलबे के नीचे दब गया, जिससे मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं।
पार्थिव शरीर को गांव लाने की चल रही तैयारी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। केरल प्रशासन द्वारा घटना की आधिकारिक जानकारी परिजनों को दे दी गई है। फिलहाल कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अनमोल के पार्थिव शरीर को केरल से उसके गांव उनुकदा लाने का इंतजाम किया जा रहा है, ताकि परिजन उसका अंतिम संस्कार कर सकें। इस घटना से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।
नाबालिग ने फंदे से लटक कर की खुदकुशी
खूंटी। कर्रा थाना के पोड़ा गांव निवासी कैलाश होरो की 12 वर्षीय पुत्री बालमती होरो ने मंगलवार सुबह अपने घर में फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। घटना से गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बालमती होरो पोड़ा गांव के सरकारी विद्यालय की छात्रा थी। मंगलवार सुबह विद्यालय जाने को लेकर उसकी मां ने उसे डांट दिया था। इसके बाद बालमती अपने कमरे में चली गयी, जबकि उसकी मां घरेलू कार्यों में व्यस्त हो गयी।

