
23 अक्टूबर को रांची पहुंचेंगे, उद्घाटन सत्र को करेंगे संबोधित; बैठक में संगठन की गतिविधियों की होगी समीक्षा
रांची : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 24 और 25 अक्टूबर को रांची में होने वाली पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। वह 24 अक्टूबर को बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा में तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि नितिन नवीन 23 अक्टूबर को रांची पहुंचेंगे। अगले दिन 24 अक्टूबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।
दो दिवसीय बैठक में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की जायेगी। साथ ही आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन की भावी रणनीति पर चर्चा होगी। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने जैसे विषयों पर भी मंथन होने की संभावना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन को प्रदेश संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

