Jamshedpur : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र में महिला से छिनतई की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। आजादनगर थाना क्षेत्र के मानगो रोड नंबर-13 टी खान कॉम्प्लेक्स निवासी सबा परवीन, 6 जनवरी 2026 की शाम करीब 7:45 बजे जवाहर नगर स्थित एक चिकन दुकान से खरीदारी कर लौट रही थीं। इसी दौरान रोड नंबर-02 की ओर से आई एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने उनका कत्थई रंग का पर्स छीन लिया और फरार हो गए।
पीड़िता के पर्स में वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, सोने की बाली, पैन कार्ड, आधार कार्ड और करीब 10 हजार रुपये नकद थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए आजादनगर थाना में सात जनवरी को प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस अनुसंधान के दौरान दो अभियुक्तों इमरान आलम (18 वर्ष) और वकील उर्फ शाहरुख (18 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध किशोर को भी पकड़ा गया। तीनों की निशानदेही पर छिनतई में प्रयुक्त पर्स और मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से इलाके में छिनतई और सड़क अपराध पर अंकुश लगाने में सफलता मिली है।

