Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय विधानसभा के आगामी बजट सत्र में एक गैर सरकारी विधेयक विधानसभा में पेश करने जा रहे हैं। इस विधेयक का नाम झारखंड भू विरासत (जीवाश्म) विधायक Jharkhand Geoheritage (Fossils) Bill है। बताया जा रहा है कि यह धन विधेयक के रूप में विधानसभा में पेश किया जाएगा। यह विधेयक राजमहल की पहाड़ियों के आसपास काष्ठ जीवाश्म (फासिल) के संरक्षण को लेकर है।
सरयू राय का कहना है कि राजमहल की पहाड़ियों खासकर साहिबगंज और पाकुड़ जिले में खनन और अन्य मानवीय गतिविधियों की वजह से यह बहुमूल्य जीवाश्म तेजी से बर्बाद हो रहे हैं। उनका कहना है कि यह जीवाश्म झारखंड ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर देश की महत्वपूर्ण भू विरासत हैं। इसलिए इनका संरक्षण जरूरी है।
विधेयक के जरिए बनाई जाएगी नियमावली
उन्होंने कहा कि इन जीवाश्मों के संरक्षण और वैज्ञानिक अध्ययन के लिए एक कानूनी ढांचा जरूरी है। इसीलिए उन्होंने यह विधेयक तैयार किया है और इसे वह विधानसभा में पेश कर अधिनियम और नियमावली बनाने का प्रस्ताव रखेंगे। ताकि, झारखंड की इस भूमि विरासत को संरक्षित किया जा सके और आने वाली पीढ़ी इसका अध्ययन कर लाभ उठा सके।
मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा था विधायक
विधायक सरयू राय ने मंगलवार को इस विधेयक का प्रारूप विधानसभा अध्यक्ष को सौंप दिया था और उन्हें सूचना दे दी है कि इस विधेयक को आगामी बजट सत्र में पेश किया जाएगा।
विधानसभा में धन विधेयक पेश करने से पहले राज्यपाल की अनुमति जरूरी होती है। इसीलिए विधायक सरयू राय ने बुधवार को विधेयक का प्रारूप झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार को सौंपा है और उनसे इस विधेयक को विधानसभा में प्रस्तुत करने की अनुमति मांगी है।

