Jamshedpur : जमशेदपुर में आतंकी हमले का हाई अलर्ट जारी किया गया है। इंटरपोल ने भारतीय गृह मंत्रालय को आगाह किया है कि झारखंड के जमशेदपुर और इसके आसपास के इलाके में आतंकियों के स्लीपर सेल एक्टिव हो गए हैं। आतंकी इस शहर में शांति भंग करने की आशंका से कोई बड़ी साजिश करने की फिराक में है। बताया जा रहा है कि आजाद नगर के ज़ाकिर नगर रोड नंबर 14 का रहने वाला अर्शियान मुख्य संदिग्ध है और वह जमशेदपुर व इसके आसपास अपना नेटवर्क बना रहा है। अर्शियान को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कार्नर नोटिस जारी किया है।

अर्शियान दिल्ली पुलिस की मोस्ट वांटेड लिस्ट में है। दिल्ली पुलिस को सूचना मिली है कि अर्शियान ही जमशेदपुर में स्थानीय नेटवर्क को तैयार कर रहा है और युवाओं को जोड़ रहा है। अर्शियान अलकायदा से जुड़ा बताया जा रहा है। सीबीआई के रिक्वेस्ट पर इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी की थी। 26 जनवरी से पहले भी सुरक्षा एजेंसियों को आगाह किया गया था कि अर्शियान का नेटवर्क झारखंड में घटनाओं को अंजाम दे सकता है। इसके बाद प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
अर्शियान का भाई जीशान दिल्ली की जेल में बंद है। जीशान को दिल्ली पुलिस ने 9 अगस्त साल 2017 को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों की तलाश दिल्ली पुलिस को थी। लेकिन अर्शियान अब तक दिल्ली पुलिस के शिकंजे में नहीं आया है।
साल 2017 में आतंकी नेटवर्क से जुड़ा था नाम
अर्शियान और उसके भाई जीशान का नाम साल 2017 में आतंकी नेटवर्क से जुड़ा था। इन दोनों के नाम तब सामने आए थे, जब ओडिशा में अलकायदा से जुड़े आतंकी अब्दुल रहमान कटकी की गिरफ्तारी हुई थी। तभी इन दोनों के नाम का खुलासा हुआ था। झारखंड पुलिस भी अर्शियान को लेकर अलर्ट है। जमशेदपुर खास तौर से मानगो के आजाद नगर और आसपास के इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अर्शियान के पुराने संपर्कों और रिश्तेदारों को खंगाल रही है।
ड्रोन हमले का है विशेषज्ञ
सीबीआई के अधिकारियों की मानें तो अर्शियान ड्रोन हमले में माहिर है। वह जब इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। तभी उसने ड्रोन हमले का प्रशिक्षण लिया था। उसकी उम्र करीब 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। अर्शियान हिंदी, अरबी और अंग्रेजी भाषाओं का जानकार बताया जा रहा है। सीबीआई लंबे समय से उसकी तलाश कर रही है। उसने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। अर्शियान का नाम अलकायदा के साथ ही आईएसआईएस के संगठन से भी जुड़ा है।
एयरपोर्ट से गिरफ्तार हुआ था अर्शियान का भाई
अर्शियान के भाई जीशान को साल 2017 में दिल्ली हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था। उसे सऊदी अरब से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। अर्शियान साल 2017 से फरार है। उसे साल 2017 में तुर्की में आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बाद में वह छूट गया था। इसके बाद से उसका पता नहीं चल रहा है।
Read also Jamshedpur Knife Crime: साकची में युवक पर चापड़ से हमला, चार्जर व नकदी के विवाद में हुई घटना

