Home » Jamshedpur West MLA Saryu and Banna Clash : नगर निकाय चुनाव के बहाने फिर बन्ना व सरयू आमने-सामने

Jamshedpur West MLA Saryu and Banna Clash : नगर निकाय चुनाव के बहाने फिर बन्ना व सरयू आमने-सामने

मानगो के कचरे को लेकर एक दूसरे पर हो रहा दोषारोपण, लांघी जा रही भाषा की मर्यादा

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : मानगो में मेयर के चुनाव को लेकर एक बार फिर दो चिर प्रतिद्वंद्वी राजनीतिज्ञ आमने-सामने हैं। इस बार मुद्दा बना है मानगो की गंदगी, ओल्ड पुरुलिया रोड और पेयजल की दिक्कत। इसे लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता एक दूसरे पर दोषारोपण कर रहे हैं। आरोप-प्रत्यारोप के दौरान भाषा की मर्यादा भी लांघी जा रही है।

सारी समस्याओं के लिए विधायक सरयू राय बन्ना गुप्ता को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं तो बन्ना गुप्ता का कहना है कि वर्तमान में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय हैं। अब उन्हें हर समस्या का हल निकालना उनकी जिम्मेदारी है क्योंकि, उन्होंने सारी समस्या हल कराने का वादा करने के बाद ही लोगों के वोट हासिल किए थे।

ओल्ड पुरुलिया रोड पर घमासान

ताजा विवाद ओल्ड पुरुलिया रोड की जर्जर स्थिति से शुरू हुआ है। इसके बारे में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बयान दिया था कि उन्होंने मानगो की लाइफ लाइन कही जाने वाली ओल्ड और न्यु पुरुलिया रोड का निर्माण कराया था। अपने कार्यकाल में इन दोनों सड़कों की मरम्मत भी कराई थी। अब ओल्ड पुरुलिया रोड जर्जर हो रही है तो वर्तमान विधायक सरयू राय इसके लिए दोषी हैं। उन्हें इस सड़क की मरम्मत करानी चाहिए। इसका जवाब विधायक सरयू राय ने दिया और जनता को जानकारी दी कि ओल्ड पुरुलिया रोड की मरम्मत के लिए उन्होंने पथ निर्माण विभाग से बात की है। इसकी फाइल रांची में लंबित है। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद इस सड़क की मरम्मत का काम शुरू होगा।

मेयर के चुनाव पर टिकी राजनीति

इसका जवाब देते हुए विधायक सरयू राय ने बन्ना गुप्ता पर किसी तरह जोड़तोड़‍ कर मेयर पति बनने ही हसरत पालने का आरोप लगाया। विधायक ने कहा कि बन्ना गुप्ता बेशर्मी के साथ मेयर पति बनने के लिए बेकरार हैं। अब बन्ना गुप्ता ने इसका जवाब दिया और कहा कि इसमें बेशर्मी की क्या बात है। सुधा गुप्ता उनकी पत्नी हैं। उन्होंने सुधा गुप्ता की मांग में सिंदूर डाला है। इस मौके पर बन्ना गुप्ता ने बड़ी चालाकी से रामार्चा पूजा का भी जिक्र किया और सरयू राय पर गंभीर आरोप लगाए। यही नहीं, बन्ना गुप्ता ने यह भी कहा कि मेयर पद पर मानगो का कोई भी नागरिक चुनाव लड़ सकता है। यह संवैधानिक अधिकार है। सुधा गुप्ता मेयर बनेंगी तो क्या हम उन्हें छोड़ देंगे। बन्ना गुप्ता ने कहा कि संस्कार तो उन्हें यह नहीं सिखाते।

मानगो की गंदगी पर राजनीतिक चक्रव्यूह

साथ ही बन्ना गुप्ता ने पलटवार करते हुए मानगो में गंदगी का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरयू राय पर आरोप लगाया कि सोनारी में जहां मानगो का कचरा डंप होता था, वहां टाटा स्टील को लाभ पहुंचाने के लिए कचरा डंपिंग रुकवा दी। इसी का नतीजा है कि कचरा डंपिंग कहां हो यह नगर निगम के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। इसी के चलते मानगो की गलियों और सड़कों पर कचरा डंप हो रहा है।

अब विधायक सरयू राय ने बन्ना के इस आरोप का जवाब दिया है। सरयू राय ने कहा है कि सोनारी में कचरा डंप करने पर रोक उसी सरकार ने लगाई है जिस सरकार में बन्ना गुप्ता मंत्री थे। विधायक सरयू राय ने कहा कि मानगो नगर निगम और जेएनएसी का कचरा बहुत दिनों से सोनारी में मरीन ड्राइव किनारे टाटा स्टील के भूखंड पर फेंका जा रहा था। वहां कचरे का पहाड़ बन गया था। इसमें आग लग गई थी। आसपास के लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों के पास जाकर समस्या बताई। समाधान नहीं होने पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल का दरवाजा खटखटाया गया। एनजीटी ने आदेश दिया कि मरीन ड्राइव किनारे कचरा फेंकना बंद कीजिए। आग बुझाइए और कचरे का पहाड़ हटाइए। इसके बाद उसी सरकार ने वहां कचरा फेंकना बंद कराया जिस सरकार में बन्ना गुप्ता मंत्री थे। कचरा हटाने के लिए कई करोड़ का टेंडर निकाला गया। सरयू ने सवाल किया कि अब जनता बताए मानगो में गंदगी का दोषी कौन है। सरयू राय ने बन्ना गुप्ता पर अल्प ज्ञान या गलतबयानी करने का आरोप लगाया है। माना जा रहा है कि मानगो नगर निगम चुनाव तक यह बयानबाजी चलती रहेगी।

इस बार नहीं चल पाई सरयू राय की

बीजेपी लड़ेगी मानगो नगर निगम में मेयर चुनाव मानगो में मेयर की सीट पर चुनाव बीजेपी लड़ेगी। शायद रांची में यह फैसला हुआ है। जमशदेपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय चाहते थे कि मानगो नगर निगम में मेयर का चुनाव जदयू लड़े। इसे लेकर सरयू राय ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू से बात की थी। मगर, भाजपा ने उनकी बात नहीं मानी है। अब भाजपा नेता नीरज सिंह की पत्नी ही मानगो नगर निगम के मेयर पद के लिए एनडीए की उम्मीदवार होंगी। जदयू भी इसके लिए तैयार हो गया है।

अधर में लटक गए विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह

जदयू के पप्पू सिंह कई साल से मानगो के मेयर पद की सीट पर निगाह लगाए हुए थे। पप्पू सिंह पहले बन्ना गुप्ता के करीबी समझे जाते थे। वह बन्ना गुप्ता फैंस क्लब चलाते थे। पिछली बार जब मानगो में नगर निकाय चुनाव की सुगबुगाहट हुई थी तो बन्ना गुप्ता ने अपनी पत्नी सुधा गुप्ता को चुनाव लड़ाने का एलान कर दिया था। तब पप्पू सिंह बन्ना गुप्ता से इसी बात से नाराज हो गए थे कि उन्हें मेयर पद के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवार क्यों नहीं बनाया। इसके बाद उन्होंने पाला बदल लिया था और सरयू राय के साथ आ गए थे। पप्पू सिंह हमेशा अपने आपको मेयर उम्मीदवार ही लिखते रहे हैं। उन्हें उम्मीद थी कि वह जदयू के समर्थन से मेयर पद के प्रत्याशी बनेंगे। मगर, ऐसा नहीं हो सका।

Read also Jamshedpur Knife Crime: साकची में युवक पर चापड़ से हमला, चार्जर व नकदी के विवाद में हुई घटना

Related Articles

Leave a Comment