चक्रधरपुर: प्रतिष्ठित ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट की विजेता देवेंद्र माझी स्पोर्ट्स फाउंडेशन का रजत जयंती समारोह पोड़ाहाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सभागार में आयोजित हुआ। समारोह में सिंहभूम की सांसद सह डीएमएफएस की संरक्षक जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके अलावा चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव, खरसावां के विधायक दशरथ गागराई व मनोहरपुर के विधायक सह डीएमएफएस के अध्यक्ष जगत माझी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


25 पूर्व खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
समारोह में डीएमएफएस से जुड़े करीब 25 पूर्व खिलाड़ियों को अतिथि ने ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके अलावा अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सांसद जोबा माझी ने कहा देवेंद्र माझी स्पोर्ट्स फाउंडेशन की स्थापना का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को तराश बेहतर अवसर प्रदान करना है। इस दिशा में फाउंडेशन काफी हद तक सफल भी रहा है। डीएमएफएस से जुड़े कई पूर्व खिलाड़ी आज केंद्र और राज्य सरकार में नौकरी करने के साथ बड़े टीमों से जुड़ अपने कैरियर को आगे बढ़ा रहे है।
खेल व खिलाड़ी का चाहते हैं विकास: सुखराम उरांव
विधायक सुखराम उरांव ने कहा डीएमएफएस का प्रयास सराहनीय रहा है। स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट का विजेता बन टीम ने अपना लोहा मनवाया है। सुखराम उरांव ने बताया कि लट्टू उरावं स्मारक कल्याण समिति और डीएमएफएस का उद्देश्य एक ही है। हम खेल और खिलाड़ी का विकास चाहते है। खरसावां के विधायक दशरथ गागराई ने कहा एक स्पोर्ट्समैन होने के नाते उनकी कोशिश हमेशा से खेल को बढ़ावा देने का रहा है। कहा कि हम सभी जनप्रतिनिधि स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने के लिए कृत संकल्पित है।
फुटबॉल के अलावा अन्य खेलों को भी बढ़ावा: जगत माझी
मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ने कहा डीएमएफएस केवल फुटबॉल ही नहीं बल्कि क्रिकेट, कराटे, बॉक्सिंग, हॉकी आदि खेलों को बढ़ावा देने का काम कर रही है। हर क्षेत्र में हमारी टीम है जो विभिन्न प्रतिर्स्पधा में हिस्सा लेती है। उन्होंने कहा अगर कोई प्रतिभा है उन्हें किसी चीज की आवश्यकता है तो नि:संकोच संपर्क कर सकते हैं। समारोह का संचालन एस अनवर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. शिवपूजन सिंह ने किया।
दिवंगत रेफरी सुनील महतो को किया गया याद
अंत में दिवंगत रेफरी सुनील महतो की आत्मा की शांति के लिए मौन धारण किया गया। समारोह में सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव मोहम्मद दिलदार, पिनाकी रंजन, उदय माझी, मोहम्मद अशरफ, डीएमएफएस के कोच इकबाल खान, मैनेजर मोहम्मद शाहिद, बुधराम उरांव, लालू उरांव, बापी दत्ता, हसनैन आलम, डाॅली अंसारी, मोहम्मद जलाल, गौस खान समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
इन पूर्व खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
सम्मानित होनेवालों में भारतीय महिला फुटबॉल टीम की पूर्व सदस्य रिंकी कुजूर, नीलम खलखो, जितेन महतो, तकी अहमद, आसिफ इकबाल, शशि मेलगांडी, मदन सिंह चाकी, मोहम्मद सिराज, तहसीन आलम, शशि बेहरा, प्रकाश मुखी, अमित गोप, आफताब आलम, अब्दुल वाजिद, इरशाद अहमद, नीरज, बालेश्वर बेसरा बाले, नेहाल अंसारी, सुजीत महतो, शरीफ आलम, मंजर आलम, इलू नाग, मोहम्मद आमिर, सुशांति, इकबाल खान, अमित हेम्ब्रम, सोमवारी हेम्ब्रम व गौस खान शामिल रहे।
Read ALso- Hazaribagh Double Murder : हजारीबाग में शिक्षक के माता-पिता की हत्या, जानें क्या है पूरा मामला

