रांची. झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने IAS अधिकारियों के तबादले एवं पदस्थापन से संबंधित पूर्व अधिसूचना में संशोधन करते हुए शुद्धि पत्र जारी किया है। सोमवार को जारी दो अलग-अलग आदेश के जरिए कुल छह अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार
IAS अधिकारी नीरज कुमार सिंह (भा.प्र.से. 2015) को उद्योग विभाग से स्थानांतरित करते हुए उन्हें अपर सचिव, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग, झारखंड का प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही उन्हें प्रबंध निदेशक, झारखंड राज्य विपणन कॉर्पोरेशन लिमिटेड, रांची का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने संबंधी आदेश यथावत रखा गया है। पूर्व में उन्हें उत्पाद आयुक्त बनाया गया था। सरकार ने अपनी अधिसूचना में माना है कि पूर्व का आदेश भूलवश अंकित हो गया था।
वहीं दूसरी ओर समीरा एस0 (भा.प्र.से. 2018) को संयुक्त सचिव, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के पद पर पदस्थापित किया गया है। संशोधित आदेश में कहा गया है कि वे अपने नियमित कार्यों के साथ-साथ निदेशक, मध्याह्न भोजन प्राधिकरण, झारखंड का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगी। कहा गया है कि पूर्व की अधिसूचना में भूलवश यह अंकित नहीं हो सका था।
इन्हें मिली नई जिम्मेदारी
झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने अपनी दूसरी अधिसूचना में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के चार अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन का आदेश दिया। जारी आदेश के अनुसार इन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी अधिसूचना के अनुसार: 2012 बैच के IAS अधिकारी संदीप सिंह को श्रमायुक्त के साथ -साथ अतिरिक्त प्रभार के रूप में उत्पाद आयुक्त, झारखंड की जिम्मेदारी दी गई है। 2012 बैच के IAS अधिकारी अजय नाथ झा, जो वर्तमान में बोकारो के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी हैं, उन्हें अतिरिक्त प्रभार के रूप में क्षेत्रीय निदेशक जियाडा बनाया गया है।
2013 बैच के IAS अधिकारी आदित्य कुमार आनंद, जो वर्तमान में पशुपालन निदेशक, झारखंड के पद पर कार्यरत थे, उन्हें विशेष सचिव, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के पद पर स्थानांतरित किया गया है। साथ ही उन्हें निदेशक, नियोजन एवं प्रशिक्षण, झारखंड, रांची का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
2015 बैच की IAS अधिकारी जाधव विजया नारायण राव, पहले पर्यटन निदेशक, झारखंड के पद पर पदस्थापित थीं, उन्हें पूर्व में महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग में अपर सचिव के रूप में अधिसूचित किया गया था। अब उस अधिसूचना को निरस्त करते हुए योजना एवं विकास विभाग में अपर सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है।

