पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत हैदरनगर बस स्टैंड के पास सोमवार को सुबह में इलेक्ट्रिक पोल से निकली चिंगारी ने कुछ ही मिनटों में तीन दुकानों को आग की चपेट में ले लिया। इस हादसे में करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग इतनी तेज थी कि एक दुकान में रखा एलपीजी सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गया, जिससे आसपास के घरों के खिड़की-दरवाजे तक हिल गए।
घटना सुबह 3.11 बजे की बताई जा रही है। उस समय गश्त पर मौजूद हैदरनगर थाना की पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बस स्टैंड क्षेत्र की अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। आग में शमशीर टायर दुकान, छोटू बाइक गैरेज और सलाम ऑटो गैरेज पूरी तरह जलकर खाक हो गए। दुकानदारों के अनुसार, इस दुर्घटना में तीन ऑटो, तीन बाइक, करीब तीन लाख रुपये के टायर समेत अन्य सामान नष्ट हो गए।
थाना प्रभारी तंजीलुल मनान ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी के कारण आग लगी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मिल कर आग बुझाने का प्रयास किया। इस मौके पर मौजूद एसआई आजम अंसारी ने बताया कि गश्ती के दौरान आग लगने की सूचना मिलते ही जवानों के साथ आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
इसी दौरान जानकारी मिली कि दुकान में एलपीजी सिलेंडर रखा है। पुलिसकर्मी पीछे हटे ही थे कि सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इस दौरान जवान बाल-बाल बच गए। घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर पीड़ितों को राहत और मुआवजा देने की मांग की है।
Read Also- Jharkhand News : झाप्रसे के 51 अफसरों का तबादला, कई जिलों के एसडीओ-डीटीओ बदले

