Jamshedpur : जमशेदपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में इन दिनों झारखंड मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के सत्यापन को लेकर भारी भीड़ उमड़ रही है। भीषण गर्मी के बीच सत्यापन कराने पहुंच रही महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 42 से 43 डिग्री तापमान के बीच दूर-दराज के इलाकों से आई महिलाएं घंटों लंबी कतारों में खड़ी रहने को मजबूर हैं।
तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण कई महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई, जबकि कुछ महिलाएं बेहोश होकर गिर पड़ीं। मौके पर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की कमी भी साफ नजर आई। महिलाओं के लिए न तो पर्याप्त छांव की व्यवस्था थी और न ही पीने के पानी की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई गई थी।
लाइन में खड़ी महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना है कि पहले योजना की राशि नियमित रूप से मिल रही थी, लेकिन सत्यापन प्रक्रिया शुरू होने के बाद भुगतान बंद हो गया है। इसी वजह से मजबूरी में उन्हें तपती धूप में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
भीड़ और अव्यवस्था के कारण कई महिलाएं आपस में बहस करती भी दिखीं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि सरकार और जिला प्रशासन ने सत्यापन प्रक्रिया के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए, जिससे उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं भाजपा नेता अभय चौबे ने भी जिला प्रशासन पर सवाल उठाते हुए इसे प्रशासनिक विफलता बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सत्यापन के नाम पर भीषण गर्मी में परेशान किया जा रहा है। मौके पर न पानी की व्यवस्था है और न ही छांव की सुविधा।
उन्होंने मांग की कि महिलाओं की परेशानी को देखते हुए स्थानीय नगर निकाय, नगर निगम और प्रज्ञा केंद्रों में भी सत्यापन केंद्र बनाए जाएं, ताकि दूर-दराज से आने वाली महिलाओं को राहत मिल सके।

