लातेहार : झारखंड के लातेहार जिले में बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड पर सोमवार देर शाम करीब 7.30 बजे हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। उसी दौरान एक मालगाड़ी की चपेट में आने से हाथी के बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद हाथियों का झुंड रेल पटरी पर डट गया, जिससे रेल सेवा करीब 4 घंटे तक बाधित रही। आमिलान-निद्रा सेक्शन के बीच चंदवा थाना क्षेत्र के पुतरी टोला गांव घायल हाथी के बच्चे ने देर रात करीब 12.40 बजे दम तोड़ दिया। घटना उस समय हुई जब हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। टक्कर के बाद झुंड आक्रोशित हो गया और पटरी पर ही खड़ा रहा। परिणामस्वरूप सीआई सेक्शन के अंतर्गत बरकाकाना-बरवाडीह रेल लाइन पर ट्रेनों का संचालन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। करीब साढ़े चार घंटे तक अप और डाउन, दोनों लाइनों पर रेल यातायात प्रभावित रहा।

घटना के बाद हाथियों ने पूरे रेलवे ट्रैक को घेर लिया, जिससे डाउन लाइन पर मंगलवार सुबह 6:00 बजे तक, जबकि अप लाइन पर देर रात 1:00 बजे ट्रेन परिचालन बहाल हुआ। इस अवधि में गढ़वा रोड-डालटनगंज और बरकाकाना के बीच चलने वाली 10 ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा। एक ट्रेन हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस को डाइवर्ट करके चलाया गया, जबकि नौ ट्रेन लेट से गई। इनमें वाराणसी -रांची इंटरसिटी, बीडीएम, वंदे भारत, पलामू एक्सप्रेस, रांची-वाराणसी इंटरसिटी आदि ट्रेन लेट से गई। डाउन लाइन से तीन जबकि अप लाइन से 6 ट्रेन में लेट से पार हुई। इस क्रम में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पलामू एक्सप्रेस सुबह 4:45 बजे डालटनगंज रेलवे स्टेशन पहुंची। इससे पहले खलारी स्टेशन पर पलामू एक्सप्रेस खड़ी रही। चियांकी रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस को रोका गया। डालटनगंज के यातायात निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने इसकी पुष्टि की।
रेलवे अधिकारी का क्या कहना है
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हाथियों के झुंड के कारण सुरक्षा कारणों से ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मशाल जलाकर तथा अन्य पारंपरिक तरीकों से हाथियों को ट्रैक से हटाने का प्रयास किया गया। हालांकि शुरुआत में हाथी हटने को तैयार नहीं थे। काफी मशक्कत के बाद रात लगभग 12 बजे के बाद स्थिति नियंत्रित हुई और 12.20 बजे अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बहाल किया गया। डाउन लाइन पर सेवा बहाल करने के प्रयास जारी रहे।
ये ट्रेनें रहीं प्रभावित
घटना के कारण कई प्रमुख ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ी रहीं। 13347 पलामू एक्सप्रेस शाम 7:35 बजे से खलारी स्टेशन पर रुकी रही। 12877 रांची-गरीब रथ एक्सप्रेस राय स्टेशन पर 7:54 बजे से खड़ी रही। 18635 सासाराम इंटरसिटी हेंदेगीर स्टेशन पर 7:46 बजे से रोकी गई, जिसे बाद में वैकल्पिक मार्ग से चलाया गया।
18309 जम्मूतवी एक्सप्रेस रात 8:32 बजे से बरकाकाना स्टेशन पर फंसी रही, जबकि 13025 हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस रात 8 बजे से वहीं खड़ी रही। 21894 टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस टोरी स्टेशन पर 7:48 बजे से रुकी रही। 18611 रांची-बनारस एक्सप्रेस भी रामगढ़ कैंट स्टेशन पर रोकी गई।
Read Also- RANCHI RAIL NEWS : रांची रेलवे स्टेशन पर चला टिकट जांच अभियान, बिना टिकट पकड़े गए इतने यात्री

