Dumka : दुमका पुलिस ने सड़क निर्माण कंपनी में लगे एक ठेकेदार से रंगदारी मांगने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से एक पिस्तौल, दो कारतूस और चाकू बरामद किए गए हैं। लिखा पढ़ी करने के बाद तीनों बदमाशों को जेल भेज दिया गया है।

फैला दिया गया था मुखबिरों का जाल
पुलिस को सूचना मिली थी कि रामगढ़ थाना क्षेत्र के नोनीहाट-सिंदुरिया के बीच सड़क बनाने वाली कंपनी के ठेकेदार से रंगदारी की मांग की जा रही है। बदमाशों ने रंगदारी नहीं देने पर हत्या करने की धमकी दी थी। इस मामले में क्षेत्र में चौकीदार और मुखबिरों को तैनात कर दिया गया था।
पुलिस ने नौखेता गांव में दी दबिश
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नौखेता गांव के पास पहाड़ी एरिया पर पांच-छह बदमाश बैठकर आपराधिक घटना की प्लानिंग कर रहे हैं। उनके पास हथियार भी हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने एक टीम बनाई और नौखेता पहाड़ पर छापेमारी कर दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद बदमाश भागने लगे। लेकिन, पुलिस ने खदेड़ कर रामगढ़ थाना क्षेत्र के ठेंगी मोड़ के देवनारायण सिंह उर्फ गणेश पहाड़िया, धर्मपुर गांव के माधव आचार्य और सिंदुरिया गांव के नरेश कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों को लिखा-पढ़ी कर जेल भेज दिया गया है।
Read Also- MGNREGA: मनरेगा में रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश

