RANCHI: राजधानी रांची में एक बार फिर रैश ड्राइविंग का मामला सामने आया है। डोरंडा के राजेंद्र चौक के पास तेज रफ्तार कार ने पहले एक युवक को टक्कर मार दी। जिससे वह गाड़ी की बोनट पर पहुंच गया। युवक गाड़ी रोकने की गुहार लगाता रहा। लेकिन चालक गाड़ी रोकने की बजाय कई किलोमीटर तक कार दौड़ाता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बोनट से चिपका रहा और जान बचाने की कोशिश करता रहा। इस दौरान कार चालक ने एक महिला को भी टक्कर मार दी। लोगों ने वाहन रोकने की कोशिश की तो चालक ने एक अन्य युवक पर भी कार चढ़ा दी, जिससे वह घायल हो गया। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों ने कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने उन्हें भी कुचलने की कोशिश की, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।

आरोप है कि चालक घायल युवक को जबरन अपने घर ले गया और उसके साथ मारपीट की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को मुक्त कराकर प्राथमिक उपचार कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया और कार जब्त कर ली है। प्रारंभिक जांच में चालक पेशे से वकील बताया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

