Jamshedpur : झारखंड नगर निकाय चुनाव में अजग-गजब राजनीति देखने को मिल रही है। नेता अपनी ही पार्टी के खिलाफ विरोध का बिगुल फूंके हुए हैं। कांग्रेस की पूर्व नेता जेबा खान पर कार्रवाई के बाद ऐसा ही एक मामला झामुमो में भी सामने आया है। जुगसलाई (Jugsalai Nagar Nikay Election ) में झामुमो के कद्दावर नेता व राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने भी बगावत का बिगुल फूंक दिया है। यहां वह झामुमो के जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार डॉली मल्लिक के खिलाफ चुनाव प्रचार कर रहे हैं। यही नहीं, हिदायतुल्लाह खान की पत्नी नौशीन खान डॉली मल्लिक के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। हिदायतुल्लाह खान अपनी पत्नी के लिए वोट मांग रहे हैं।
इससे झामुमो की अंदरूनी राजनीति में एक तूफान खड़ा हो गया है। पार्टी के नेताओं ने जुगसलाई (Jugsalai Nagar Nikay Election) की सियासी रिपोर्ट पार्टी की केंद्रीय समिति को भेज दी है। कहा जा रहा है कि पार्टी की केंद्रीय समिति जुगसलाई के मामले में कोई बड़ा फैसला कर सकती है। पार्टी के नेताओं का मानना है कि जब झामुमो ने जुगसलाई में डॉली मल्लिक को पार्टी समर्थित उम्मीदवार बना लिया है तो फिर हिदायतउल्लाह खान को उन्हें ही समर्थन करना चाहिए। कहा जा रहा है कि पार्टी के नियमों के अनुसार, हिदायतुल्लाह खान को चाहिए कि वह झामुमो समर्थित उम्मीदवार का ही प्रचार करें और अपनी पत्नी को चुनाव मैदान से हटा लें। कहा जा रहा है कि झारखंड के कई नगर निकायों में इस तरह की स्थिति पैदा हुई थी। मगर, जब झामुमो ने अपने समर्थन वाले उम्मीदवारों की घोषणा की तो पहले से मैदान में मौजूद अन्य प्रत्याशियों ने अपने हथियार डाल दिए। मगर, जुगसलाई में ऐसा नहीं हो रहा है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि झामुमो के समर्थित उम्मीदवार के विरोधी प्रत्याशी का प्रचार करना अनुशासनहीनता है।

देर में आया झामुमो का फैसला
झारखंड नगर निकाय चुनाव में झामुमो ने अपने समर्थित उम्मीदवारों का एलान काफी देर से किया है। कहा जा रहा है कि पार्टी को इन उम्मीदवारों के समर्थन की घोषणा तब ही कर देनी चाहिए थी, जब नामांकन की प्रक्रिया चल रही थी। लेकिन, पार्टी ने नामांकन प्रक्रिया खत्म होने के बाद गुरुवार 12 फरवरी को अपने समर्थित उम्मीदवारों की सूची जारी की थी।
Read also The Photon News Special: मानगो नगर निगम चुनाव में डमी उम्मीदवारी का खेल; Mango Nagar Nigam Election
जुगसलाई का सियासी सीन
जुगसलाई में झामुमो उम्मीदवार डॉली मल्लिक, भाजपा समर्थित उम्मीदवार रिंकू सिंह, कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार इंदु देवी, झामुमो के वरिष्ठ नेता हिदायतुल्लाह खान की पत्नी नौशीन खान समेत आठ उम्मीदवार अध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं। सभी का जोर-शोर से चुनाव प्रचार चल रहा है।
कोट
पार्टी के केंद्रीय समिति के आदेश के अनुसार ही समर्थित उम्मीदवारों की सूची जारी की गई है। पार्टी की केंद्रीय समिति हालात पर नजर रखे हुई है। झामुमो समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ अपनी पत्नी को चुनाव लड़ाना या उनका प्रचार करना उचित नहीं है। इस मामले को पार्टी देख रही है।
- प्रमोद लाल, प्रमुख- संयोजक मंडल, झामुमो, जमशेदपुर महानगर

