Ranchi : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान जब सीएम हेमंत सोरेन ने बोलना प्रारंभ किया तो भारतीय जनता पार्टी के सभी विधायकों ने वॉकआउट कर दिया।

वॉकआउट के बाद भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री के संबोधन पर एतराज़ जताया। कोडरमा से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. नीरा यादव ने कहा कि विपक्ष मुख्यमंत्री का भाषण सुनना चाहता था, लेकिन उन्हें आशा थी कि सरकार प्रदेश की उपलब्धियों, कानून-व्यवस्था और जमीनी समस्याओं पर बात करेगी। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री ने राज्य के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय केंद्र सरकार की आलोचना और एआई समिट से जुड़ी बातों पर अधिक जोर दिया।
भाजपा विधायक उज्ज्वल दास ने भी कहा कि मुख्यमंत्री का संबोधन राज्यपाल के अभिभाषण पर केंद्रित न होकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधने तक सीमित रहा, इसलिए भाजपा विधायकों ने सदन से बाहर जाने का फैसला किया।
वहीं सत्ता पक्ष की ओर से प्रतिक्रिया देते हुए झामुमो के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू ने कहा कि विपक्ष ने नेता सदन की बात सुने बिना ही वॉकआउट कर दिया। उन्होंने कहा कि बहस के दौरान विपक्ष का सदन छोड़ना संसदीय परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
राज्य के श्रम मंत्री ने भी भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष का काम आरोप लगाना है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने अपने कार्यकाल में राज्य के विकास और मजदूरों के हित में ठोस कदम उठाए हैं, जिसकी तुलना भाजपा के लंबे कार्यकाल से की जा सकती है।
Read Also: RANCHI SADAR NEWS: गर्दन और पीठ के बीच था पांच किलो का ट्यूमर, सदर में डॉक्टरों ने की सर्जरी

