गुमला : झारखंड के गुमला जिले में भरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव की युवती के साथ चार युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। पीड़िता दूसरे गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। समारोह से लौटते समय आरोपी युवकों ने उसे घर छोड़ देने का झांसा देकर अपनी बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में सुनसान जगह पाकर युवकों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना रविवार को शाम की बताई जा रही है।
घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों के साथ वह सोमवार को थाना पहुंची और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार रात को ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
थाना प्रभारी कंचन प्रजापति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा, ताकि साक्ष्य संकलन किया जा सके।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। प्रशासन ने पीड़िता को हरसंभव सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।

