RANCHI : झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा पेपर लीक मामले में जेल में बंद छह आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर मंगलवार को अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट अदालत में पेश की और बहस के लिए अतिरिक्त समय मांगा। अदालत ने अनुरोध स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 29 मई निर्धारित की है। जिन आरोपियों की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई उनमें आशीष कुमार, विकास कुमार, योगेश प्रसाद, रंजीत कुमार उर्फ चुनचुन, गुलाब चंद महतो और बुलबुल पांडे उर्फ राज शामिल हैं।
याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता शिशिर राज ने अदालत में पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट रिकॉर्ड पर आ चुकी है, लेकिन विस्तृत बहस के लिए समय दिए जाने के कारण अब शुक्रवार को मुख्य सुनवाई होगी। इससे पहले हुई सुनवाई में अभियोजन पक्ष आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि से संबंधित रिपोर्ट पेश नहीं कर सका था। इस पर अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिया था कि अगली तिथि तक हर हाल में रिपोर्ट दाखिल की जाए, अन्यथा अनुसंधान पदाधिकारी को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होना होगा। गौरतलब है कि इसी पेपर लीक मामले में अब तक 158 आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, जबकि इन छह आरोपियों की जमानत पर फैसला अभी लंबित है।

