घाटशिला : इंटेक वेल में आई खराबी के कारण घाटशिला शहरी क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था पूरी तरह से ठप्प हो गई। तीन पंचायत गोपालपुर, घाटशिला एवं पावड़ा के 1800 परिवार परेशान हैं। बताया गया कि पांच पांडव गांव स्थित स्वर्णरेखा नदी में बने इंटक वेल का मोटर ब्रेकडाउन कर गया, जिससे दाहिगोड़ा जलमीनार तक पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई।
रबर पाइप में फंसने से हो गया ब्रेकडाउन
बताया जाता है कि मोटर का रबर पाइप में फंस गया जिसके कारण नदी से जलमीनार तक पानी पंप नहीं हो सका। सोमवार सुबह जब नियमित समय पर पानी की सप्लाई नहीं हुई तो शहरी क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोग एक-एक बूंद पानी के लिए परेशान हो उठे। पानी न आने से परेशान उपभोक्ताओं ने पेयजल विभाग में शिकायत की।
विभागीय कर्मचारियों द्वारा की गई जांच
मामले की जानकारी मिलते ही विभागीय कर्मचारियों ने जांच किया। जांच में स्पष्ट हुआ कि मोटर में लगा रबर पाइप में फंस गया है और मोटर पूरी तरह से ब्रेकडाउन कर चुका है। पेयजल आपूर्ति विभाग के आपरेटर मो. जमीरुद्दीन ने बताया कि इंटेक बेल के मोटर और पाइप के वाशर टूटने से पाइप और मोटर को पूरी तरह से जाम हो गई है।
जल्द शुरू हो सकती है पानी की सप्लाई
पेयजल आपूर्ति के लिए युद्ध स्तर पर काम चल रहा है नियमित बिजली आपूर्ति रही तो गुरुवार की सुबह क्षेत्र में जलापूर्ति शुरू हो जाएगी नहीं तो शाम तक हर हाल में लोगों को पानी मिल जाएगा।
जलमीनार से 1800 घरों में होती है पानी की सप्लाई
दाहिगोड़ा जलमीनार से घाटशिला, राजस्टेट, नवाबकोठी, दाहिगोड़ा समेत विभिन्न मुहल्लों के करीब 1800 घरों में रोजाना पानी की सप्लाई होती है। सप्लाई बाधित होने से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ रही है।
प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
कई घरों में पानी का भंडारण सीमित होने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के रुप में एक और इंटेक बेल का निर्माण कराना सुनिश्चित की जाए। ताकि किसी तकनीकी खराबी के कारण हजारों लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।

