Jamshedpur : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल 26 फरवरी को जमशेदपुर आ रही हैं। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम और पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोटा ने जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों, एयरपोर्ट और रूट लाइन का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान कारकेड रिहर्सल में भी अधिकारी शामिल हुए।
राष्ट्रपति का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह 9:20 बजे नागपुर लोक भवन से रवाना होकर 9:40 बजे नागपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। नागपुर एयरपोर्ट से 9:50 बजे उड़ान भर कर 11:05 बजे वह रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी। 11:15 बजे रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर सोनारी एयरपोर्ट पर 12:00 बजे उतरेगा। 12:10 बजे सोनारी एयरपोर्ट से निकलकर राष्ट्रपति का कारकेड 12:20 बजे कदमा के मरीन ड्राइव कार्यक्रम स्थल पहुंचेगा। यहां 12:40 बजे भूमि पूजन का कार्यक्रम है। इसके बाद यहां कार्यक्रम जारी रहेगा। यहां कार्यक्रम की समाप्ति के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ढाई बजे मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना होंगी। मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में 3:20 बजे कार्यक्रम समाप्त होगा और यहां से रवाना होकर राष्ट्रपति 3:50 बजे सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगी और वहां से 4:35 बजे राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर रांची एयरपोर्ट पर पहुंच जाएगा। रांची से शाम 7:35 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जैसलमेर पहुंच जाएंगी।
राष्ट्रपति के कारकेड में होंगी 17 कारें
राष्ट्रपति के कारकेड में 17 कारें होंगी। इसमें 10 इनोवा कारें। एक वीआईपी बैगेज वैन, एक स्पेयर एंबुलेंस और एक टेल कार होगी। इसके अलावा, तीन वीआइपी कारें होंगी। इन्हीं में से एक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बैठेंगी।
कार्यक्रम स्थल का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय समेत अन्य वरीय अधिकारियों ने कदमा स्थित श्रीजगन्नाथ स्प्रिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर तथा मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज का स्थल निरीक्षण किया। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा व्यवस्था, परिगमन मार्ग, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, आगंतुकों के प्रवेश व निकास, अग्निशमन एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने आयुक्त को प्रशासनिक व पुलिस तैयारियों से अवगत कराते हुए बताया कि सुरक्षा मानकों के अनुरूप कारकेड रिहर्सल संपन्न कराई जा चुकी है। आज बुधवार को अंतिम टारगेट रिहर्सल किया गया। प्रतिनियुक्त फोर्स और मजिस्ट्रेट की संयुक्त ब्रीफिंग कर सभी को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। पिछले दो दिनों से एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक वीआईपी मूवमेंट की सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण भी किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति के आगमन को पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं और तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

