धनबाद: झारखंड के धनबाद में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में एक सेवानिवृत्त जमादार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान 63 वर्षीय लालेश्वर सिंह के रूप में हुई है। एसीबी की टीम ने उन्हें हीरापुर स्थित उनके आवास से देर रात हिरासत में लिया।
सेवा अवधि में अर्जित की करोड़ों की संपत्ति
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, जांच में यह सामने आया कि आरोपी ने अपनी सेवा अवधि के दौरान ज्ञात आय स्रोतों से अधिक लगभग 15 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की। शिकायत मिलने के बाद मामले की विस्तृत जांच की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। इसके बाद विशेष टीम गठित कर छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
2016 से चल रही थी जांच
जानकारी के मुताबिक, इस प्रकरण की जांच वर्ष 2016 से जारी थी। फरवरी 2019 में प्रारंभिक जांच दर्ज की गई और सितंबर 2020 में जांच रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपी गई। इसके बाद जनवरी 2023 में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। जांच पूरी होने के बाद एसीबी टीम ने आरोपी के आवास पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
मेडिकल जांच के बाद आगे की कार्रवाई
गिरफ्तारी के समय आरोपी को बीपी और शुगर की शिकायत बताई गई। इसके बाद एसीबी टीम ने उन्हें शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया। मेडिकल जांच में उनका शुगर लेवल बढ़ा हुआ पाया गया, जिसके चलते फिलहाल उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
डॉक्टरों की अनुमति के बाद शुरू होगी कानूनी प्रक्रिया
डॉक्टरों से अनुमति मिलने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, लालेश्वर सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री रीता वर्मा की सुरक्षा में गार्ड के रूप में भी तैनात रह चुके हैं। इस तथ्य के सामने आने के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।
Read Also- RANCHI CRIME NEWS: रांची में मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

