Dumka : झारखंड के दुमका जिले में शनिवार को रेल लाइन पर दो युवकों के शव मिलने का मामला तूल पकड़ गया है। अब पुलिस इस मामले की पूरी तहकीकात करेगी। इस बात की जांच की जा रही है कि दोनों युवकों को किसी ट्रेन ने कुचल दिया या फिर किसी ने हत्या कर इनके शव रेललाइन पर फेंक दिए ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि स्थानीय लोगों ने हंसडीहा थाना क्षेत्र के बभनखेता और चोरबटीया गांव के पास रेलवे ट्रैक पर दो युवकों के शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि दोनों शव लगभग एक किलोमीटर के दायरे में अलग-अलग स्थानों पर मिले। सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है।
एक मृत युवक बिहार का, दूसरे की नहीं हो सकी पहचान
पुलिस ने बताया कि एक मृतक की पहचान बिहार के बांका जिले के बौसी थाना क्षेत्र स्थित खिजरीमुंडिया गांव निवासी सूरजलाल टुड्डू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सूरजलाल टुड्डू अपनी बहन के घर बभनखेता गांव आया हुआ था। वहीं दूसरे युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि दोनों युवकों की मौत ट्रेन से कटने की वजह से हुई है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों एक ही ट्रेन की चपेट में आए या अलग-अलग ट्रेनों से हादसा हुआ।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए दोनों शव
घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पहचान होने के बाद सूरजलाल टुड्डू का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। जबकि, दूसरे शव को पहचान के लिए मर्चरी में सुरक्षित रखा गया है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

