हजारीबाग : हजारीबाग में रामनवमी के अवसर पर शनिवार देर रात भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे शहर में आस्था, उत्साह और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। ऐसा भला क्यों न हो, यह मौका तो अब एक साल के बाद ही आएगा।
Hazaribagh Ram Navami : इतने आखाड़ों ने लिया हिस्सा
इस वर्ष के जुलूस में कुल 107 अखाड़ों ने हिस्सा लिया, जो पारंपरिक वेशभूषा और शस्त्रों के साथ अपने-अपने करतब दिखाते हुए आगे बढ़े। करीब 8 किलोमीटर तक फैले इस जुलूस ने शहर को पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंग दिया।
Jai Shree Ram : जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा शहर
जुलूस के दौरान ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर युवा, बुजुर्ग और बच्चे “जय श्रीराम” के उद्घोष लगाते नजर आए। श्रद्धालु पूरे जोश और ऊर्जा के साथ जुलूस के साथ चलते रहे। पूरे शहर की सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में डूब गया।
प्रशासन अलर्ट: ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन और उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह मुख्य मंच से पूरे कार्यक्रम की निगरानी करते रहे। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, वहीं ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी लगातार नजर रखी गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जानें क्यों प्रसिद्ध है हजारीबाग का जुलूस
हजारीबाग का रामनवमी जुलूस अपनी भव्यता, अनुशासन और परंपरा के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। इस आयोजन को देखने के लिए झारखंड के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं।
Read Also- Tatanagar Railway News : 31 मार्च से 5 अप्रैल तक अलर्ट! टाटानगर रेलखंड पर ट्रेनों में बड़ा बदलाव

