RANCHI: रांची में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामले सामने आए है। सबसे बड़ा मामला डिजिटल अरेस्ट का है, जिसमें 73 वर्षीय कंचन सरकार से 5.20 लाख रुपये ठग लिए गए। ठगों ने खुद को मुंबई क्राइम डिपार्टमेंट और सीबीआई अधिकारी बताकर उन्हें डराया कि उनका नाम हर्षद मेहता केस से जुड़ा है और मनी लॉन्ड्रिंग में इस्तेमाल हो रहा है। डर के माहौल में पीड़ित को दो दिनों तक डिजिटल अरेस्ट में रखा गया और अंततः उनसे आरटीजीएस के जरिए पैसे ट्रांसफर करा लिए गए।
दूसरे मामले में शुक्ला कॉलोनी निवासी ओम प्रकाश के मोबाइल खोने के बाद उनके संयुक्त बैंक खाते से 2.04 लाख रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने पहले ही थाना में सूचना दी थी, फिर भी पैसे की निकासी हो गई।
तीसरे मामले में सशस्त्र पुलिस के हवलदार पीटर लेप्चा का मोबाइल नंबर फर्जी तरीके से पोर्ट कर लिया गया। इसके बाद उनके खाते से 1.14 लाख रुपये की निकासी कर ली गई। तीनों मामलों में साइबर थाना में केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

