Home » RANCHI NEWS: आयुष्मान भारत में झारखंड नंबर वन, रांची का सदर अस्पताल बना राष्ट्रीय रोल मॉडल

RANCHI NEWS: आयुष्मान भारत में झारखंड नंबर वन, रांची का सदर अस्पताल बना राष्ट्रीय रोल मॉडल

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने राज्य को किया सम्मानित, स्वास्थ्य मंत्री ने निरंतर मेहनत और टीमवर्क का बताया परिणाम

by Vivek Sharma
SADAR HOSPITAL RANCHI
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत झारखंड ने पूरे देश में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। पुणे में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के चिंतन शिविर में भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने इस उपलब्धि के लिए राज्य को सम्मानित किया। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह निरंतर मेहनत, प्रतिबद्धता और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादा किया था, उसे पूरा कर दिखाया गया है। आगे भी जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मजबूत संकल्प और ठोस कार्यों का परिणाम

स्वास्थ्य मंत्री ने विशेष रूप से सदर अस्पताल रांची की सराहना करते हुए कहा कि यह अस्पताल आज देशभर में आयुष्मान भारत योजना के तहत नंबर वन बनकर एक आदर्श मॉडल के रूप में उभरा है। उन्होंने इसे पूरे झारखंड के स्वास्थ्य तंत्र की सामूहिक सफलता बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान राज्य के मजबूत संकल्प और ठोस कार्यों का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल झारखंड का गौरव बढ़ाने वाली है, बल्कि स्वास्थ्यकर्मियों और चिकित्सकों के मनोबल को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में कीर्तिमान बनाएगा झारखंड

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह सफलता राज्य की बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था, पारदर्शिता और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और संबंधित टीम को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि झारखंड आगे भी स्वास्थ्य सेवाओं में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। इस कार्यक्रम में झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी की टीम में छवि रंजन, सीमा सिंह, वैभव राय, डॉ. अखिलेश कुमार झा और आशीष रंजन ने राज्य का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान रांची सदर अस्पताल के उत्कृष्ट कार्यों को देशभर के प्रतिनिधियों के सामने रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया गया।

READ ALSO: RANCHI NEWS: रांची के नए ग्रामीण एसपी आईपीएस गौरव गोस्वामी ने संभाला कार्यभार, बताई क्या है तैयारी

Related Articles