Latehar : जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेंदी गांव के पास एक आदिवासी नाबालिग लड़की का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। लड़की बुधवार से अपने घर से लापता थी और गुरुवार को उसका शव मिलने की सूचना सामने आई।
गौरतलब है कि गुरुवार को लड़की ने अपने पिता को फोन कर बताया था कि वह बेंदी गांव में है। हालांकि, बातचीत के कुछ ही देर बाद फोन कट गया। इसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने लड़की के पिता को फोन कर बताया कि उनकी बेटी का शव पेड़ के पास पड़ा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया।
बताया जा रहा है कि नाबालिग अपने पिता के साथ लातेहार में किराए के मकान में रहती थी। आरोप है कि उसका मकान मालिक के बेटे के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बुधवार को अचानक उसके लापता होने के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान परिजनों और मकान मालिक के बीच बेटे को लेकर विवाद भी हुआ था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद लड़की के पिता बेंदी गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने बताया कि महुआ के पेड़ के पास शव मिला था। परिजनों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

