
RANCHI: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित तिरिल बस्ती के पास एक बड़ा हादसा टल गया। जहां एक अनियंत्रित कार मेडिकल दुकान में जा घुसी। इस दुर्घटना में दुकान के अंदर मौजूद करीब आधा दर्जन लोग बाल-बाल बच गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना बुधवार देर शाम की है।
मिली जानकारी के अनुसार तिरिल स्थित पटेल मेडिकल हॉल में एक युवती समेत कई लोग दवा खरीद रहे थे। इस दौरान दवा लेकर बाहर निकली एक महिला अचानक घबराकर वापस दुकान की ओर भागी। कुछ ही सेकेंड में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुकान के अंदर घुस गई। अचानक हुई इस दुर्घटना से लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए दुकान के अंदर की ओर कूद गए। गनीमत रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई। हालांकि कार चालक को हल्की चोटें आई हैं। वहीं एक स्कूटी और कार दोनों क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
दुकान मालिक ने बताया कि कार चालक एक शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि गलती से उनका पैर ब्रेक की जगह एक्सीलेटर पर चला गया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। घटना के बाद किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई। सदर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि आपसी सहमति से वाहन मरम्मत का निर्णय लेकर मामला सुलझा लिया गया।
READ ALSO: Dhanbad Education: धनबाद की अंशिका ने रचा इतिहास, 99% अंक के साथ बनीं स्टेट टॉपर

