चतरा : झारखंड के चतरा जिला अंतर्गत राजपुर थाना क्षेत्र के लारालूटूदाग गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद में कलयुगी बेटे भोला यादव ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर रविवार की रात पिता कुली यादव (65) की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर राजपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
ग्रामीणों व प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने पहले गमछे से पिता का गला घोंटा और फिर राॅड से हमला कर दिया। बताया जाता है कि हत्या को अंजाम देने से पहले भोला यादव ने आसपास के कई घरों के दरवाजों की कुंडी बाहर लगा दी थी, ताकि चीख-पुकार सुनकर कोई मदद के लिए बाहर न निकल सके। इस बात की चर्चा गांव में दबी जुबान से हो रही है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि भोला यादव पिछले करीब एक वर्ष से अपने पिता के साथ अक्सर झगड़ा करता रहता था। पारिवारिक तनाव लगातार बढ़ रहा था। रविवार को रात में झगड़ा इतना बढ़ गया कि बहू-बेटे ने मिलकर कुली यादव की हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है और लोग इस अमानवीय कृत्य से स्तब्ध हैं।
राजपुर थाना की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा और उसकी पत्नी फरार हो गए हैं। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

