Chatra : झारखंड में चतरा जिले के हंटरगंज बाजार में शनिवार को सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतका स्थानीय कांग्रेस नेता श्रवण साव की मां है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। हंटरगंज बाजार के समीप वृद्ध महिला माॅर्निंग वाक के लिए निकली थी। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
चालक को गिरफ्तार करने की मांग
लोगों की मांग है कि फरार वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा क्षेत्र में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर रोक लगाई जाए। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि डंपर की पहचान कर ली गई है। जल्द ही वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सड़क जाम रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर सड़कों पर दौड़ रहे बेलगाम भारी वाहनों पर लगाम कौन लगाएगा? कब तक लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाते रहेंगे? स्थानीय लोगों का आरोप है कि न जनप्रतिनिधि गंभीर हैं और न ही जिला प्रशासन ठोस पहल कर रहा है।
Read Also- Garhwa Accident : श्री बंशीधर नगर में दर्दनाक सड़क हादसे में फोरलेन पर चार युवकों की मौत, दो घायल

