हजारीबाग : हजारीबाग में एक महिला की हिम्मत के आगे झपटमार का हौसला पस्त हो गया। चेन झपटमार को उसने खदेड़कर पकड़ लिया। घटना स्थल पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। भीड़ ने उसकी जमकर धुनाई कर दी।
शनिवार को वट सावित्री पूजा के अवसर पर सुहागन महिलाएं सज-संवरकर पूजा करने निकली निकली थीं। कई महिलाएं जेवरातों को धारण कर वट वृक्ष की पूजा करने जाती हैं। हजारीबाग में चोर झपटमार मौके का फायदा उठाने के लिए कई जगहों पर सक्रिय थे।
त्योहार के माहौल में सक्रिय हुए शातिर उचक्कों ने अलग-अलग इलाकों में कई महिलाओं को निशाना बनाया। इस बीच शहर में एक ऐसी घटना घटी, जिसने अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए। स्कूटी सवार महिला का झपटमार ने बैग एवं गले का चेन झपट लिया।
हाथ साफ करने के बाद वह भागने लगा। लेकिन महिला तनिक भी नर्वस नहीं हुई। चोर-चोर का शोर करते हुए वह स्कूटी से ही उसका पीछा करने लगी। महिला का अदम्य साहस देख झपटमार का हौसला पस्त हो गया। गले से चेन और हैंडबैग छीनकर भाग रहे शातिर अपराधी को महिला ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
तब तक काफी संख्या में लोग जमा हो गए थे। भीड़ ने उचक्के की जमकर धुनाई कर दी। पूछताछ में पकड़ा गया उचक्का ने अपना नाम अरबाज खान बताया है, जो शहर के पगमिल इलाके का रहने वाला है।
वहीं महिला के इस साहसिक कदम की पूरे शहर में सराहना हो रही है। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है। उससे जानने का प्रयास कर रही है उसका गैंग और कहां-कहां सक्रिय है।

