रांची : झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए 24 मई तक आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
राजधानी रांची समेत कई जिलों में सोमवार को देर शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवा और गरज के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने के कारण झारखंड में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
झारखंड के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने रांची, बोकारो, गुमला, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, धनबाद, हजारीबाग और कोडरमा समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज आंधी, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी है।
इसके अलावा 21 मई से 24 मई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में येलो अलर्ट लागू रहेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, बादल गरजने और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
आज से 24 मई तक कैसा रहेगा झारखंड का मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज और कल झारखंड के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर बाकी क्षेत्रों में बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वहीं 21 से 24 मई के बीच राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में मौसम अधिक सक्रिय रह सकता है।
पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग और कोडरमा के कुछ हिस्सों में अपेक्षाकृत कम प्रभाव देखने को मिल सकता है, लेकिन अन्य जिलों में मौसम खराब रहने की आशंका बनी हुई है।
पाकुड़ में सबसे अधिक बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा पाकुड़ जिले के पाकुरिया क्षेत्र में 10 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा गुमला और बिशुनपुर में 4-4 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सिमडेगा और बानो में 1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। रांची में भी तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की सूचना मिली। राज्य में लगातार बदलते मौसम के बीच प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

