Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए देर रात और तड़के सुबह विशेष जांच अभियान चलाया। उपायुक्त के निर्देश पर खनन विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने जिले के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर कार्रवाई की।
गौरतलब है कि 25 मई की मध्यरात्रि में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी, खान निरीक्षक समीर ओझा और चौका थाना प्रभारी के नेतृत्व में चौका थाना क्षेत्र स्थित जमशेदपुर-रांची राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच-33) पर औचक वाहन जांच अभियान चलाया गया।
मंगलवार को तड़के भी हुई छापेमारी
जांच के दौरान लौह अयस्क से लदे दो वाहन पकड़े गए। वाहन संख्या JH05DL1151 और NL01AF5867 के चालकों द्वारा वैध परिवहन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों वाहनों को जब्त कर चौका थाना में सुरक्षित रखा गया। मामले में खनन विभाग आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है। इसके बाद तड़के सुबह जिला खनन पदाधिकारी, खान निरीक्षक और ईचागढ़ थाना प्रभारी की संयुक्त टीम ने ईचागढ़ थाना क्षेत्र के स्वर्णरेखा नदी तट स्थित सोड़ो जारगोडीह बालू घाट में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। यहां अवैध बालू खनन, भंडारण और परिवहन की जांच की गई।
की जाएगी जब्त बालू की ई नीलामी
निरीक्षण के दौरान मौके पर तत्काल अवैध उत्खनन की गतिविधि नहीं मिली, लेकिन संबंधित मौजा के विभिन्न जीआर स्थलों पर अवैध रूप से भंडारित करीब 22,500 घनफीट बालू जब्त किया गया। प्रशासन ने बालू को सुरक्षार्थ सुपुर्द कर दिया है और इसकी ई-नीलामी की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। प्रशासन ने साफ कहा है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण या परिवहन की किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी इस तरह के सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।
Read also Subarnarekha River : अर्जुन के बाण की जलधारा से निकली नागवंशीय 21 शिवलिंगों वाली स्वर्णरेखा

