धनबाद : धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान भारी केसिंग मजदूर के सीने पर गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मजदूर आउटसोर्सिंग कंपनी में काम करता था। उसकी पहचान रामकनाली निवासी अभिजीत मुर्मू के रूप में हुई है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जितेसिया आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा ओवरब्रिज निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बुधवार को मजदूर हाईवा में केसिंग लोड करने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और भारी केसिंग अभिजीत मुर्मू के सीने पर गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सहकर्मियों ने आनन-फानन में अभिजीत को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
मृतक के बड़े चाचा पन्ना लाल मुर्मू ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्यों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि मुआवजे को लेकर आउटसोर्सिंग कंपनी प्रबंधन से बातचीत की जाएगी। फिलहाल शव एसएनएमएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में रखा गया है और परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है। इस हादसे के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Read Also : Ranchi Police: रांची पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’, 30 से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार

