रांची: परिवहन सचिव राजीव रंजन ने राज्य के सभी जिला परिवहन पदाधिकारियों को लर्निंग लाइसेंस और ड्राइविंग लाइसेंस के लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभागीय पोर्टल पर लाइसेंस से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन लंबित दिख रहे हैं, जिससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल हाल में हुई विभाग की समीक्षा के दौरान सचिव ने पाया कि कई जिलों में आवेदनों के साथ जमा दस्तावेजों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया अपेक्षित गति से नहीं हो रही है। उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए कहा कि कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी जिला परिवहन पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लंबित आवेदनों की नियमित समीक्षा करें और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि पोर्टल पर लंबित मामलों की संख्या न्यूनतम हो सके।
बैठक में गोड्डा जिला परिवहन कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा हुई। सचिव ने कहा कि जिले में राजस्व संग्रहण का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया है। इस पर उन्होंने संताल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के उप परिवहन आयुक्त-सह-सचिव को गोड्डा जिला परिवहन कार्यालय का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। साथ ही 15 दिनों के भीतर जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन विभाग को सौंपने को कहा गया है।
परिवहन सचिव ने स्पष्ट किया कि विभागीय सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाने के लिए लंबित मामलों के निपटारे तथा कार्यालयों की कार्यप्रणाली की लगातार निगरानी की जाएगी।

