Palamu : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गोलीकांड के मुख्य आरोपी मंटू सिंह ने पलामू कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। घटना के बाद से वह पिछले 17 दिनों से फरार चल रहा था। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने आरोपी के सरेंडर की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, 23 मई को रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और फायरिंग हुई थी। इस गोलीकांड में सकेंद्र चौधरी की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।
मामले में पुलिस ने 17 नामजद और 23 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। शुरुआती कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। पुलिस के अनुसार मंटू सिंह इस मामले का मुख्य आरोपी है।
चैनपुर के थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि मंटू सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
उल्लेखनीय है कि रामपुर गोलीकांड के विरोध में क्षेत्र में आंदोलन भी चलाया गया था। 5 जून को एक विरोध मार्च निकाला गया था, जिसमें झारखंड और बिहार के कई विधायक शामिल हुए थे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पलामू और गढ़वा जिला प्रशासन ने रामपुर क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी थी।

