Home » Radhakrishna Kishore: वित्त मंत्री ने छापेमारी की तो हाइवा-पोकलेन छोड़कर भागे तस्कर; पलामू से बिहार ले जाए जा रहे मोरम

Radhakrishna Kishore: वित्त मंत्री ने छापेमारी की तो हाइवा-पोकलेन छोड़कर भागे तस्कर; पलामू से बिहार ले जाए जा रहे मोरम

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू: पलामू में बड़े पैमाने पर अवैध मोरम का खनन कर बिहार भेजा जा रहा है। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर को इसकी जानकारी मिली तो वे स्वयं छापेमारी करने निकल पड़े। भनक मिलते ही इस अवैध धंधे में लिप्त तस्कर चार हाइवा और पोकलेन छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने इसे जब्त कर लिया है।

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि छतरपुर के इलाके में अवैध रूप से मोरम का खनन हो रहा है। दरअसल वित्त मंत्री इसी क्षेत्र से विधायक हैं। लंबे समय इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसलिए लोगों का इनसे सीधा जुड़ाव है। लोगों ने उन्हें बताया कि खनन करने वाले बिहार के माफिया हैं। वे काफी दबंग भी हैं। यहां से मोरम खनन कर बिहार ले जा रहे हैं।

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने छतरपुर के देवगन के इलाके में अचानक छापेमारी की। जैसे ही वित्त मंत्री का काफिला देवगन के इलाके में पहुंचा, खनन माफिया फरार हो गए। लेकिन जल्दबाजी में मशीनें नहीं ले जा सके। मौके से चार हाइवा और एक पोकलेन को जब्त कर लिया गया। सभी वाहन अवैध रूप से मोरम खनन में लगे थे,जिसे वाहनों द्वारा बिहार भेजा जा रहा था।

तस्करों के खिलाफ दिए कार्रवाई के निर्देश

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पुलिस एवं खनन विभाग को तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों पहले उदयगढ़ के इलाके में बिहार के लोग 40-50 गाड़ियों के साथ मोरम खनन कर तस्करी कर रहे थे। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी उन्हें दी थी। इसके बाद उन्होंने कार्रवाई की ।

यहां सवाल यह उठ रहा है कि इतने बड़े पैमाने पर मोरम तस्करी की जा रही थी तो खनन विभाग एवं प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी अनभिज्ञ कैसे थे। वित्त मंत्री ने कहा कि इस संबंध में एसपी, आईजी से भी बातचीत की जाएगी और सीमावर्ती इलाके में कार्रवाई और चौकसी के लिए कदम उठाए जाएंगे।

जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार के मुताबिक खनन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। खनन कार्य में शामिल लोगों के खिलाफ भारी जुर्माना लगाया जाएगा। इस इलाके में पहले भी अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की गई है। हाल के दिनों में मोरम के उठाव को लेकर सूचना नहीं मिली थी।

 

 

Related Articles

Leave a Comment