
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम में शनिवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में अधिकारियों, स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

दीप प्रज्वलन से हुआ उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद की अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेंन, उपायुक्त मनीष कुमार और उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद योगासन सत्र की शुरुआत हुई। योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न आसन, प्राणायाम और ध्यान की विधियां सिखाईं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साह के साथ योगाभ्यास किया।
योग को दिनचर्या में शामिल करें : डीसी
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। यह स्वस्थ जीवन की कुंजी है। इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने सभी से नियमित योग करने की अपील की। जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेंन ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से एकाग्रता बढ़ती है और तनाव दूर होता है। हर छात्र को इसे अपनाना चाहिए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एनडीसी देवेंद्र कुमार, एलआरडीसी जितेंद्र मुर्मू, सदर एसडीओ संजय कुमार, एसडीपीओ बहामन टुटी समेत जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर अनुशासन और उत्साह का माहौल देखने को मिला। योग प्रशिक्षकों ने योग के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि कैसे यह रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाता है। कार्यक्रम का समापन संकल्प के साथ हुआ कि सभी योग को अपनी जीवनशैली में शामिल करेंगे।

