
रांची : झारखंड सरकार के परिवहन विभाग ने अपने अधिकारियों और कर्मियों को बेहतर काम के लिए प्रोत्साहित करने की नई पहल शुरू की है। विभाग ने सभी क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार (आरटीए), जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) और मोटरयान निरीक्षकों (एमवीआई) को निर्देश दिया है कि वे अपने कार्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों की सूची प्रत्येक तीन माह में विभाग को भेजें। चयनित कर्मियों को राज्य स्तर पर प्रोत्साहन राशि, प्रशंसा पत्र और अनुभव प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
परिवहन विभाग के सचिव राजीव रंजन ने इस संबंध में सभी जिलों को निर्देश दिया है और कहा है कि अच्छे कार्यों को पहचान और सम्मान मिलने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है तथा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आता है। इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को राज्य स्तर पर पहचान मिल सके।
एमवीआई आम जनता के साथ सहज व्यवहार रखें
सचिव ने नव नियुक्त मोटरयान निरीक्षकों (एमवीआई) को भी विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वे कार्यालय कार्यों में अपने वरीय अधिकारियों के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें और आम जनता के साथ सहज एवं सकारात्मक व्यवहार रखें। उनसे परिवहन सेवाओं को अधिक पारदर्शी और जनहितैषी बनाने की अपेक्षा की गई।
सचिव ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मियों के कार्यों का योजना कैलेंडर तैयार कराने तथा उसकी प्रत्येक 15 दिन पर समीक्षा करने का निर्देश भी दिया। राजस्व संग्रहण के लक्ष्य और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बेस्ट प्रैक्टिसेज अपनाने पर जोर
इसके अलावा परिवहन सेवाओं के तहत विभिन्न कार्यालयों में अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिसेज) को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया। सचिव ने सभी अधिकारियों से राजस्व संग्रहण के निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने और पूरी कार्यक्षमता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा।

