
Palamu : मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) में प्रसव के दौरान एक महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो जाने से परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के दुद्धी निवासी सेराज अहमद की पत्नी खुशबू निशा इन दिनों अपने मायके गढ़वा जिले के श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र स्थित चेचरिया गांव में रह रही थीं। प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए एमएमसीएच लेकर पहुंचे थे।
स्वजनों का आरोप है कि अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि महिला के शरीर में खून की गंभीर कमी (एनीमिया) है और तत्काल रक्त चढ़ाने की आवश्यकता है। परिजनों के अनुसार समय पर रक्त की व्यवस्था नहीं हो सकी। इसी दौरान प्रसव के समय महिला की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। चिकित्सकों ने इलाज कर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन अंततः खुशबू निशा और उनके नवजात शिशु की मौत हो गई।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। स्वजन गहरे सदमे में हैं। जिस घर में नवजात के आगमन की खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां एक साथ मां और बच्चे की मौत से मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Read also – जमशेदपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से औरंगाबाद के ड्राइवर की मौत

