Home » Jharkhand Health Department: 262अभ्यर्थियों को मिलेगा नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य विभाग में बड़े बदलाव की तैयारी

Jharkhand Health Department: 262अभ्यर्थियों को मिलेगा नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य विभाग में बड़े बदलाव की तैयारी

by Nikhil Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 24 जून का दिन अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी बुधवार को स्वास्थ्य विभाग में चयनित 262 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इनमें 151 विशेषज्ञ चिकित्सक, 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, 29 सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर और 26 फाइनेंस मैनेजर शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि यह केवल नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि झारखंड लंबे समय से डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा था, लेकिन सरकार इस चुनौती को दूर करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

डॉ. अंसारी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता राज्य के हर नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा, जब तक झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह सशक्त और व्यवस्थित नहीं हो जाती, तब तक मैं चैन से नहीं बैठूंगा। उन्होंने दावा किया कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

फूड सेफ्टी ऑफिसर्स की भी होगी नियुक्ति

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फूड सेफ्टी ऑफिसर्स की नियुक्ति की जा रही है। वहीं, सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर अस्पतालों के प्रशासनिक प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाएंगे। इसके अलावा फाइनेंस मैनेजर वित्तीय व्यवस्था को मजबूत करने में भूमिका निभाएंगे।

आने वाले समय में 11000 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया बढ़ेगी

उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति अभियान शुरुआत भर है। आने वाले समय में स्वास्थ्य विभाग में करीब 11 हजार अतिरिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। सरकार का मानना है कि यह पहल राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में नए बदलाव की आधारशिला साबित होगी।

Read Also: Olympic Day: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर दौड़ा पलामू, छात्र-छात्राओं के साथ DC भी मैदान में; मैराथन के विजेताओं को मिला पुरस्कार 

Related Articles

Leave a Comment