Home » Social Justice : सामाजिक न्याय और जनकल्याण के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध : रामदास अठावले

Social Justice : सामाजिक न्याय और जनकल्याण के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध : रामदास अठावले

by Nikhil Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची में समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक, झारखंड में केंद्र की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
रांची: केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने शनिवार को रांची स्थित राजकीय अतिथि गृह में झारखंड सरकार के समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की योजनाओं के क्रियान्वयन, अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग, दिव्यांगजन एवं अन्य वंचित वर्गों के कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों की प्रगति पर चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों से केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में अठावले ने कहा कि केंद्र सरकार सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान देश की एकता और लोकतंत्र का मजबूत आधार है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, दलित, पिछड़े, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार के प्रयासों से देश में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। साथ ही तीन करोड़ महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत करीब 58 करोड़ लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और सड़क, रेल, हवाई संपर्क के साथ-साथ रक्षा एवं निर्यात के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

झारखंड में 2.56 करोड़ जनधन खाता खोले गए

अठावले ने झारखंड में केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत राज्य में करीब 2.56 करोड़ खाते खोले गए हैं, जबकि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से लगभग 1.73 करोड़ लाभार्थी जुड़े हैं। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 39.82 लाख परिवारों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से गरीब और वंचित वर्गों के जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Comment