
Jamshedpur : पोटका प्रखंड में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को गंभीरता से लेते हुए विधायक संजीव सरदार शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद वे प्रभावित गांवों के दौरे पर निकले और सानग्राम गांव पहुंचकर ब्रेन मलेरिया से मृत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्रा लखी सरदार के परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे पूरी संवेदनशीलता के साथ परिवार के साथ खड़े हैं।
सीएचसी निरीक्षण के बाद विधायक ने स्वास्थ्य विभाग के प्रदेश, जिला और प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ आपात बैठक कर मलेरिया नियंत्रण को लेकर युद्धस्तर पर अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रभावित गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने, लोगों की जांच कराने, आवश्यक दवाओं का वितरण सुनिश्चित करने तथा डीडीटी का व्यापक छिड़काव कराने को कहा। साथ ही मलेरिया से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान तेज करने पर भी जोर दिया।
विधायक ने अधिकारियों को अन्य प्रखंडों से अतिरिक्त एमपीडब्ल्यू की प्रतिनियुक्ति कराने, टाटा स्टील के सहयोग से प्रभावित गांवों में मच्छरदानियों का वितरण सुनिश्चित करने तथा एक-दो दिनों के भीतर डीडीटी छिड़काव शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ शोकॉज की कार्रवाई की जाए।
सानग्राम गांव में विधायक ने मृत छात्रा की बहन, चाची और अन्य परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया तथा हिम्मत बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि ब्रेन मलेरिया से छात्रा की असमय मृत्यु बेहद दुखद है और पीड़ित परिवार अकेला नहीं है। हर संभव सरकारी एवं व्यक्तिगत सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि पोटका के कुछ क्षेत्र मलेरिया जोन बन चुके हैं। ऐसे इलाकों को चिन्हित कर स्वास्थ्य विभाग को अन्य विभागों के समन्वय से विशेष अभियान चलाना चाहिए, ताकि बीमारी पर जल्द नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने, समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करने तथा राहत कार्य पूरी संवेदनशीलता के साथ करने का आह्वान किया।

