
हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात तीन दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोरों ने दुकानों की टीन की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और नकदी, लैपटॉप समेत हजारों रुपये की संपत्ति चोरी कर फरार हो गए। तीनों वारदातों का तरीका एक जैसा होने के कारण पुलिस को एक ही गिरोह की संलिप्तता का संदेह है। घटना के बाद क्षेत्र के दुकानदारों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

तीन दुकानों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, चोरी की पहली घटना हजारीबाग रोड स्थित बरहीडीह मोड़ पर संचालित अनिता देवी के यूनियन बैंक ग्राहक सेवा केंद्र में हुई। इसके बगल में स्थित मुकेश चौधरी के प्रज्ञा केंद्र को भी चोरों ने निशाना बनाया। वहीं तीसरी घटना धनबाद रोड स्थित भगवती मंदिर मोड़ के पास संजय कुमार यादव के जनरल स्टोर में हुई। शनिवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो छत की टीन की कार्केट शीट कटी हुई मिली। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई और पुलिस को सूचना दी गई।
ग्राहक सेवा केंद्र से नकदी और लैपटॉप चोरी
ग्राहक सेवा केंद्र की संचालिका अनिता देवी ने बताया कि उनके केंद्र से काउंटर में रखे 35 हजार रुपये नकद और एक लैपटॉप चोरी हो गया है। वहीं प्रज्ञा केंद्र संचालक मुकेश चौधरी ने बताया कि उनकी दुकान से करीब 15 हजार रुपये नकद चोरी किए गए हैं।
जनरल स्टोर से नकदी और सामान पर हाथ साफ
संजय कुमार यादव ने बताया कि उनके जनरल स्टोर से करीब 20 हजार रुपये नकद के अलावा लगभग 10 हजार रुपये मूल्य के सौंदर्य प्रसाधन, घरेलू उपयोग की सामग्री और सिगरेट समेत अन्य सामान चोरी कर लिया गया। तीनों दुकानों में चोरी की शैली बिल्कुल एक जैसी होने से यह आशंका जताई जा रही है कि वारदात को किसी संगठित गिरोह ने अंजाम दिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदारों में दहशत, बढ़ी रात्रि गश्त की मांग
एक ही रात में तीन दुकानों में हुई चोरी की वारदात से स्थानीय व्यापारियों में भय का माहौल है। दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।


