
मेदिनीनगर : रोजगार मेले में गुरुवार को 166 युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को गार्ड, ट्रेनर, स्टोर कीपर, टेक्नीशियन, मशीन ऑपरेटर सहित विभिन्न पदों पर रोजगार मिला। इनमें कई पदों पर प्रतिमाह 20 हजार रुपये तक के वेतन का ऑफर है।
मेदिनीनगर स्थित टाउन हॉल में दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया गया। आयोजन श्रम,नियोजन,प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, पलामू की ओर से किया गया। इसका उद्घाटन उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता एवं जिला नियोजन पदाधिकारी नीरज कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
रोजगार मेले में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से 1200 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। कुल 25 प्रतिष्ठित कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए। विभिन्न चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद 411 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जिनमें से 166 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किया गया। उपायुक्त ने कुछ चयनित अभ्यर्थियों को सांकेतिक रूप से ऑफर लेटर भी सौंपा।
युवाओं से ही हासिल होगा विकसित राष्ट्र का लक्ष्य
मौके पर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी। कहा कि शिक्षा के बाद सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव रोजगार है। यदि युवाओं को समय पर रोजगार नहीं मिलता है तो उनका कौशल और प्रतिभा प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देकर ही विकसित राष्ट्र का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले के अधिक से अधिक युवाओं को उनके कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ उठाने और बेहतर भविष्य के लिए स्वयं को लगातार तैयार रखने का आह्वान किया।

