Home » Jharkhand SIR: मतदाता सूची सुधार अभियान में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने खुद भरा फॉर्म, जनता से की खास अपील

Jharkhand SIR: मतदाता सूची सुधार अभियान में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने खुद भरा फॉर्म, जनता से की खास अपील

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने खुद फॉर्म लोगों को आगे आने की अपील की। कहा कि सही मतदाता सूची के लिए लोग आगे आएं एवं इस कार्य में खुलकर सहयोग करें।

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में मतदाता सूची को पूरी तरह से दुरुस्त और अपडेट करने के लिए विशेष अभियान एसआईआर चलाया जा रहा है। इस मुहिम को मजबूत संदेश देने के लिए राज्य के दो सबसे बड़े चेहरे राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने खुद आगे आकर अपना फॉर्म भरा।

राज्यपाल ने राजभवन में पूरी की प्रक्रिया

​गुरुवार को रांची के लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने खुद अपना गणना प्रपत्र भरा। उस पर दस्तखत किए और रांची विधानसभा क्षेत्र मतदान केंद्र संख्या-16 की बूथ लेवल ऑफिसर मंजू कच्छप को सौंपा। इस मौके पर राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार और जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री भी मौजूद थे।

योग्य नागरिक वोट डालने के अधिकार से न रहे वंचित

​राज्यपाल ने राज्य के आम लोगों से अपील की कि जब भी बीएलओ आपके घर फॉर्म लेकर आएं, उसे तुरंत भरकर जमा करें। उन्होंने कहा कि कोई भी योग्य नागरिक वोट डालने के अधिकार से छूटना नहीं चाहिए। साथ ही, उन्होंने इस अभियान में जुटे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं भी दीं।

CM हेमंत ने भरा एन्यूमरेशन फॉर्म

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांके स्थित अपने आवासीय कार्यालय में इस अभियान के तहत खुद एन्यूमरेशन फॉर्म भरा। मुख्यमंत्री के सामने हटिया विधानसभा क्षेत्र बूथ संख्या-290 की बीएलओ वेरोनिका देवी ने इस प्रक्रिया को पूरा कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना फॉर्म भरकर जमा किया।

​मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड के नागरिकों को लोकतांत्रिक जिम्मेदारी का अहसास कराया। कहा कि सही और अपडेटेड वोटर लिस्ट ही निष्पक्ष चुनाव की असली बुनियाद है।

उन्होंने कहा, वोट देना हमारा सबसे बड़ा अधिकार है। इसलिए सभी लोग समय रहते अपना फॉर्म भरें। अपनी जानकारियों की जांच करें और अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

​इस कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत और उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार राज्य का एक भी योग्य नागरिक वोटर बनने से वंचित न रहे।

Read Also: Jamshedpur DD Bar Murder : जमशेदपुर में पब-बारों के लाइसेंस की होगी जांच, ADG ने 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट 

 

Related Articles

Leave a Comment