
भोजपुर/देवघर : बिहार के भोजपुर जिले में रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड के देवघर निवासी नवदंपति समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े कंटेनर में जा घुसी, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए।
ओवरस्पीड बनी हादसे की वजह
यह दुर्घटना बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा के पास हुई। पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में थी। चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद गाड़ी सीधे सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों की मदद और बचाव दल ने वाहन को काटकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला।
नवदंपति समेत तीन लोगों की मौत
हादसे में मृतकों की पहचान देवघर निवासी प्रकाश सिंह (32), उनकी पत्नी पल्लवी सिंह (28) और प्रकाश सिंह के फुफेरे भाई सौरभ कुमार (24) के रूप में हुई है। सौरभ मूल रूप से बिहार के सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र के इस्मईला गांव के रहने वाले थे। वहीं, हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
फरवरी में हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, प्रकाश सिंह और पल्लवी सिंह की शादी इसी वर्ष 12 फरवरी को हुई थी। शादी के बाद दोनों नेपाल में पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन भी कर चुके थे। हाल ही में परिवार के साथ मनाली घूमने गए थे और नोएडा के रास्ते देवघर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

