Home » आदित्यपुर के आसंगी चेक डैम में दर्दनाक हादसा: दूसरे छात्र का शव भी मिला, दो परिवारों में पसरा मातम

आदित्यपुर के आसंगी चेक डैम में दर्दनाक हादसा: दूसरे छात्र का शव भी मिला, दो परिवारों में पसरा मातम

by Mujtaba Haider Rizvi
aditypur drowning
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur  : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में नहाने गए दो स्कूली छात्रों की डूबने से हुई मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। शनिवार को हुए इस हादसे के बाद रविवार सुबह दूसरे लापता छात्र उत्सव का शव भी बरामद कर लिया गया। इससे पहले शनिवार को ही उसके साथी लव का शव गोताखोरों की मदद से पानी से बाहर निकाल लिया गया था।

पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे दोनों छात्र आसंगी चेक डैम में नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने तलाश अभियान शुरू किया। शनिवार को लव का शव बरामद कर लिया गया था, जबकि रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने उत्सव का शव पानी में तैरता देखा। सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस हृदयविदारक घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि आसंगी चेक डैम में पहले भी कई बार डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की। डैम के आसपास न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही बैरिकेडिंग की गई है, जिससे लोग अनजाने में खतरे का शिकार हो जाते हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए चेक डैम के आसपास सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और संवेदनशील क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही नियंत्रित की जाए।

Read also Ranchi News: रांची में देर रात पुलिस का एक्शन: सड़क पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई, नियम तोड़ने वाले पब-बार की जांच

Related Articles

Leave a Comment