
Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के हथियार के बल पर लूट की एक वारदात सामने आई है। तीन अपराधियों ने एक सब्जी विक्रेता को निशाना बनाते हुए उसका मोबाइल फोन, गले की चेन और नकदी लूट ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि बरिगोड़ा निवासी सब्जी विक्रेता अनिल शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे अपने घर से साकची सब्जी मंडी जा रहे थे। सलगाझुरी रेलवे फाटक बंद होने के कारण वह पुलिया के नीचे वाले रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने हथियार दिखाकर उन्हें डराया और उनका मोबाइल फोन, गले की चेन तथा जेब में रखी नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने परसुडीह थाना के टाइगर मोबाइल को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने एक संदिग्ध का पीछा भी किया, लेकिन वह अंधेरे और सुनसान इलाके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

