Home » Ranchi Crime : कारोबारी के घर में घुस चाकू से हमला, CMPDI के पूर्व जीएम व कारोबारी ने मिलकर हमलावरों को खदेड़ा

Ranchi Crime : कारोबारी के घर में घुस चाकू से हमला, CMPDI के पूर्व जीएम व कारोबारी ने मिलकर हमलावरों को खदेड़ा

by Kanchan Kumar
Ranchi Businessman Attack
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची में एक कारोबारी के घर में घुसकर अपराधियों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इससे वे घायल हो गए हैं। घटना राजधानी के गोंदा थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा नगर में शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे की है। घर में घुसे तीन नकाबपोश अपराधियों ने 65 वर्षीय कारोबारी पर हमला बोलने के बाद उन्हें पंखे से लटकाकर जान से मारने की धमकी दी। हालांकि पूर्व सीएमपीडीआई महाप्रबंधक एवं कारोबारी आलोक कुमार ने साहस का परिचय देते हुए बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। उन्हें अड़ता देख तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए।

घटना के समय आलोक कुमार अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान उन्हें घर के भीतर किसी के आने और सामान टूटने-फूटने की आवाज सुनाई दी। वह कुछ समझ पाते, उससे पहले ही तीन नकाबपोश अपराधी उनके कमरे में घुस आए। तीनों ने चेहरे पर मास्क और हाथों में दस्ताने पहन रखे थे। इससे उनकी पहचान नहीं की जा सकी। कमरे में घुसते ही अपराधियों ने आलोक कुमार को धमकाते हुए कहा,तुम्हें लोगों से बहुत पंगा लेने का शौक है, आज तुम्हें पंखे से टांग देंगे। इसके बाद दो बदमाशों ने उनका दाहिना हाथ और तीसरे ने बायां हाथ पकड़ लिया। एक अपराधी ने चाकू से उनकी कलाई पर वार कर दिया। हमले में उनकी कलाई जख्मी हो गई और काफी खून बहने लगा।

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद आलोक कुमार ने साहस नहीं खोया। उन्होंने पूरी ताकत से अपराधियों का विरोध किया और खुद को उनकी पकड़ से छुड़ा लिया। इसके बाद उन्होंने बिस्तर के नीचे रखा तलवार और चापड़ निकाल लिया। जैसे ही बदमाशों ने उन्हें हथियार के साथ अपनी ओर बढ़ते देखा,वे घबरा गए। तीनों डरकर कमरे से बाहर निकले। सीढ़ियों के रास्ते छत पर पहुंचे और वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि अपराधियों ने जिस तरह सीधे कारोबारी को निशाना बनाया और धमकी दी, उससे यह घटना केवल चोरी या लूट की कोशिश नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित हो सकती है। पुलिस पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद, कारोबारी गतिविधियों और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। डीएसपी सदर संजीव बेसरा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Read Also: Ranchi News : बंद मकान में सेंध, एटीएस जवान के घर से लाखों का माल उड़ाकर फरार हुए चोर

Related Articles